इटावा/जसवंतनगर: शिकायतकर्ता ही निकला अवैध कब्जाधारी, चक मार्ग से जेसीबी चलाकर हटाया गया अतिक्रमण
जसवंतनगर: शिकायतकर्ता ही निकला अवैध कब्जाधारी, चक मार्ग से जेसीबी चलाकर हटाया गया अतिक्रमण
जसवंतनगर। आईजीआरएस पोर्टल पर चक मार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत करने वाला ग्रामीण स्वयं ही अतिक्रमणकारी निकला। राजस्व विभाग की जांच में शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों द्वारा सरकारी चक मार्ग पर पक्का निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद राजस्व और पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी से दोनों पक्षों के अवैध निर्माण हटवाकर चक मार्ग को कब्जा मुक्त करा दिया।
मामला जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम जनकपुर, मौजा जसोहन का है। गांव निवासी अखिलेश कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी कि गाटा संख्या 694 स्थित चक मार्ग पर दीवान सिंह सहित अन्य लोगों ने वर्षों से अवैध कब्जा कर रास्ता बाधित कर रखा है।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत के निर्देश पर नायब तहसीलदार नेहा सचान के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित की गई। राजस्व व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भू-सत्यापन किया। जांच के दौरान पता चला कि शिकायतकर्ता अखिलेश कुमार ने भी उसी चक मार्ग पर पक्की नींव डालकर अतिक्रमण कर रखा था।
इसके बाद प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों के अवैध निर्माण जेसीबी से हटवा दिए और सरकारी चक मार्ग को पूरी तरह खाली करा दिया।नायब तहसीलदार नेहा सचान ने दोनों पक्षों को चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने भी सरकारी चक मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण किया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल अरुण यादव, लेखपाल जहीर खान, जयपाल यादव, हलका इंचार्ज शुभम वर्मा, सचिव अवनीश, रोजगार सेवक नवीन तथा पुलिस बल मौजूद रहा।


