इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया
M.S VERMA
MANOJ KUMAR
जसवंतनगर में महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गयाजसवंतनगर/इटावा। जसवंतनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं और युवतियों पर अश्लील फब्तियां कसने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, कांस्टेबल आयुष सचान और महिला कांस्टेबल गीता क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस टीम सुधर सिंह महाविद्यालय, लुधपुरा के सामने पहुंची, जहां एक युवक सड़क से गुजर रही महिलाओं और युवतियों पर अशोभनीय एवं अश्लील टिप्पणियां कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की हरकतों से वहां मौजूद महिलाएं और युवतियां शर्मिंदगी महसूस करते हुए आगे बढ़ गईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बीबी शंकर पुत्र किशन स्वरूप, निवासी ग्राम साहूपुर, थाना मख्खनपुर, जिला फिरोजाबाद बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की बात कही।
महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है। घटना के संबंध में मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं या युवतियों के साथ अभद्रता, अश्लील टिप्पणी या छेड़छाड़ जैसी घटना होती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।.
