इटावा: भरथना में चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटा, भीषण आग से मचा हड़कंप; दीवार तोड़कर पाया गया काबू

M. S verma
Manoj kumar 
भरथना में चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटा, भीषण आग से मचा हड़कंप; दीवार तोड़कर पाया गया काबू

भरथना/इटावा। भरथना कस्बे में सोमवार सुबह एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। तेज धमाके के साथ हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि दमकल कर्मियों को करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दुकान की दूसरी ओर की दीवार तोड़कर आग पर काबू पाना पड़ा। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना जवाहर रोड स्थित एसएवी इंटर कॉलेज के सामने की है। यहां चाय की दुकान चलाने वाले शिवराम, निवासी मोहल्ला रजागंज, सोमवार सुबह दुकान पर दूध गर्म कर रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को दुकान की दूसरी ओर की दीवार तोड़नी पड़ी, जिसके बाद अंदर तक पानी पहुंचाकर आग पर काबू पाया जा सका।

दुकान संचालक शिवराम ने बताया कि दूध गर्म करते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया, जिससे पूरी दुकान में आग फैल गई। आग से दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर गैस सिलेंडर फटने को आग का कारण माना जा रहा है। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।