एबीवीपी ने कारगिल विजय दिवस पर निकाली तिरंगा यात्रा,शहीदों को नमन कर युवाओं में राष्ट्रभक्ति का आह्वान
एबीवीपी ने कारगिल विजय दिवस पर निकाली तिरंगा यात्रा,शहीदों को नमन कर युवाओं में राष्ट्रभक्ति का आह्वान
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077,9838839168
फर्रुखाबाद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निकाली गई।
यह तिरंगा यात्रा आज शाम 6:00 बजे संघ कार्यालय, नुनहाई से चौक तक निकाली गई, और घूमना चौराहा से वापसी चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत, एसआई बृजनंदन सिंह और एसआई शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर शहीदों और वीर सैनिकों के अद्वितीय शौर्य, त्याग और राष्ट्रसमर्पण को श्रद्धांजलि अर्पित करना था। साथ ही, समाज, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यबोध की भावना को जागृत करना भी इसका लक्ष्य था।
पूर्व सैनिक वीरेंद्र राठौर ने इस अवसर पर कहा कि 26 जुलाई केवल विजय का दिवस नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन, पराक्रम और राष्ट्रनिष्ठा का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी शत्रु को परास्त कर तिरंगे की शान को बनाए रखा। उनका बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है।
विभाग संयोजक सागर श्रीवास्तव ने जोर देते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक और उत्तरदायी युवाओं में निहित होती है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और राष्ट्रीय हितों की रक्षा प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च दायित्व है। एबीवीपी स्थापना काल से ही विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रथम की भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास हेतु कार्य कर रही है।
जिला संयोजक यशवर्धन ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से कारगिल के वीर सैनिकों की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल श्रद्धांजलि का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के पुनः संकल्प का प्रतीक है।
इस कार्यक्रम में विभाग संगठन मंत्री शुभम, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शिवम कुशवाहा, प्रांत सह मंत्री प्रियंका माथुर, विभाग छात्रा प्रमुख जानवी वर्मा, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रिनी चौहान, जिला छात्रा प्रमुख प्रतिज्ञा अग्निहोत्री, अविरल पाण्डेय, डॉ. नरेंद्र, रत्नेश सक्सेना, अथर्व पाठक, ज्ञानेश दीक्षित, निशांत मिश्रा, अभिचल, मिहिर पाठक, प्रखर पालीवाल, काजल पांडे, शिवम राजपूत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags:
फर्रुखाबाद