इटावा/जसवंतनगर: अजनोरा में चकरोड से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
M.S verma
Manoj kumar
अजनोरा में चकरोड से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन ने चलाया बुलडोजरजसवंतनगर (इटावा)। उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत के निर्देश पर शुक्रवार को ग्राम अजनोरा में चकरोड पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए चकरोड को पुनः बहाल कराया।
कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नेहा सचान ने किया। इस दौरान खाता संख्या 136 एवं 218 की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी महेश कुमार, लेखपाल राघवेंद्र सिंह, पंकज चतुर्वेदी, ग्राम पंचायत सचिव अरुण कुमार सहित राजस्व, विकास एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक रास्तों और चकरोड पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
