इटावा/जसवंतनगर: दवा लेने के बहाने घर से निकली दो बच्चियों की माँ और मासूम बेटे का डेढ़ माह बाद भी नहीं लगा कोई सुराग

 मोहम्मद आमीन भाई

दवा लेने के बहाने घर से निकली दो बच्चियों की माँ और मासूम बेटे का डेढ़ माह बाद भी नहीं लगा कोई सुराग

पति बंटू कश्यप ने पुलिस प्रशासन से लगाई गुहार, बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल

जसवंतनगर/इटावा। विकासखंड जसवंतनगर के ग्राम नगला रामफल निवासी बंटू कश्यप पुत्र फूलन सिंह कश्यप की पत्नी शोभा देवी (30 वर्ष) अपने छह वर्षीय पुत्र अवी के साथ 29 मई 2026 को दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थीं। घटना को अब डेढ़ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे परिवार गहरे सदमे में है।

पीड़ित पति बंटू कश्यप ने बताया कि घटना वाले दिन वह रोज़ की तरह ऑटो चलाने के लिए घर से निकले थे। शाम करीब छह बजे उनकी नौ वर्षीय बेटी रागिनी का फोन आया कि "मम्मी दवा लेने गई थीं, अभी तक वापस नहीं आई हैं।" इसके बाद उन्होंने पत्नी के मोबाइल नंबर 9897442991 पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

बंटू कश्यप ने बताया कि उन्होंने अपनी ससुराल सहित सभी रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन पत्नी और बेटे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने थाना जसवंतनगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा, तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (CM Portal) पर शिकायत दर्ज कराकर पत्नी और बेटे की तलाश की मांग की। उनका कहना है कि अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।

पीड़ित ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि उनकी पत्नी और बेटे का जल्द से जल्द पता लगाया जाए ताकि परिवार फिर से एकजुट हो सके। उन्होंने बताया कि उनकी दोनों बेटियां रागिनी (9 वर्ष) और नेहा (7 वर्ष) अपनी मां की याद में लगातार रो रही हैं और हर दिन उनकी वापसी का इंतजार कर रही हैं।

बंटू कश्यप ने पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करने और उनकी पत्नी व बेटे को सुरक्षित खोज निकालने की मांग की है।