इटावा/जसवंतनगर: मलाजनी में चकमार्ग से अतिक्रमण हटाया गया: SDM के निर्देंश पर आईजीआरएस शिकायतो का निस्तारण
M.S VERMA
MANOJ KUMAR
जसवंतनगर (इटावा)। तहसील क्षेत्र के ग्राम मलाजनी में शुक्रवार को प्रशासन ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर शिकायतों की जांच की और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।अभियान के दौरान टीम ने एक चकमार्ग का सीमांकन कर उस पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया, जिससे ग्रामीणों और किसानों के लिए रास्ता पुनः सुचारु हो गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चकमार्ग सार्वजनिक उपयोग की भूमि है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के समय उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत, थाना उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी, हल्का लेखपाल दीपक यादव, जहीर खान सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि, चकमार्ग, तालाब और अन्य सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करेगा।
उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर प्रशासन को तुरंत अवगत कराएं, ताकि उसका नियमानुसार समाधान कराया जा सके।

