इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में सपा सैनिक प्रकोष्ठ ने निकाला कैंडल मार्च, दिवंगत छात्रों को दी श्रद्धांजलि

 


जसवंतनगर में सपा सैनिक प्रकोष्ठ ने निकाला कैंडल मार्च, दिवंगत छात्रों को दी श्रद्धांजलि

जसवंतनगर। समाजवादी पार्टी सैनिक प्रकोष्ठ द्वारा बुधवार रात नगर के बस स्टैंड चौराहे स्थित हाईवे ओवरब्रिज के नीचे पेपर लीक प्रकरण से जुड़े दिवंगत छात्रों की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

सपा सैनिक प्रकोष्ठ के कानपुर मंडल प्रभारी जयवीर सिंह ने दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला सचिव सुरेश चंद्र, नगर अध्यक्ष शिवराज सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रपाल, विधानसभा अध्यक्ष इन्द्रेश कुमार, नीरज यादव सहित सैनिक प्रकोष्ठ के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।