इटावा/जसवंतनगर: दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता और पिता पर जानलेवा हमला, 10 के खिलाफ मुकदमा
M.s verma
Manoj kumar
जसवंतनगर। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता और उसके पिता के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला करने का आरोप सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर जसवंतनगर पुलिस ने आठ नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैदपुरा थाना क्षेत्र के बरौली पाल नगर निवासी रामवीर सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी बेटी ममता कुमारी का विवाह 21 अप्रैल 2023 को धौलपुर निवासी रवि कुमार के साथ हुआ था। विवाह में बाइक, पांच लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और गृहस्थी का सामान दिया गया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति रवि कुमार, ससुर शिशुपाल, सास बबली समेत अन्य ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर ममता को प्रताड़ित किया जाने लगा।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 9 जून 2026 को विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर दिया गया। अगले दिन 10 जून को जब रामवीर सिंह अपनी बेटी को लेकर जसवंतनगर थाने जा रहे थे, तभी जारी खेड़ा के पास आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि इस दौरान विवाहिता पर चाकू से हमला किया गया। बचाव में हाथ आगे करने पर उसकी उंगलियां घायल हो गईं। इसके बाद पिता-पुत्री के साथ लाठी-डंडों से भी मारपीट की गई। शोर सुनकर राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
रामवीर सिंह का आरोप है कि घटना के बाद थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के आधार पर आठ नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Tags:
etawah-news