इटावा: इटावा जिला अस्पताल की पैथोलॉजी हुई हाईटेक, अब 25 महंगी जांचें मुफ्त; रिपोर्ट मिलेगी WhatsApp और SMS पर

M.s verma

इटावा जिला अस्पताल की पैथोलॉजी हुई हाईटेक, अब 25 महंगी जांचें मुफ्त; रिपोर्ट मिलेगी WhatsApp और SMS पर

इटावा। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में मरीजों को अब अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अस्पताल में दो नई सेलेक्ट्रा बायोकेमिस्ट्री मशीनें शुरू होने के बाद एलएफटी (LFT), केएफटी (KFT), शुगर, इलेक्ट्रोलाइट्स समेत कई महत्वपूर्ण जांचें पहले से अधिक तेज और सटीक तरीके से की जा रही हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पहले जिन करीब 25 महंगी जांचों के लिए मरीजों को मेडिकल कॉलेजों या निजी लैब का सहारा लेना पड़ता था, वे अब जिला अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध हैं। इससे मरीजों का समय और आर्थिक बोझ दोनों कम हुआ है।

पैथोलॉजी विभाग में वर्तमान में लगभग 80 प्रकार की जांचें की जा रही हैं। प्रतिदिन करीब 350 मरीजों की लगभग 5,000 जांचें की जाती हैं, जबकि हर महीने 1.25 लाख से 1.50 लाख तक जांचें सफलतापूर्वक पूरी की जा रही हैं।

मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जांच रिपोर्ट की डिजिटल व्यवस्था भी शुरू की गई है। अब रिपोर्ट WhatsApp और SMS के माध्यम से सीधे मरीजों के मोबाइल पर भेजी जा रही है, जिससे रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ती।

स्टाफ की कमी के बावजूद पैथोलॉजी विभाग बेहतर प्रबंधन के साथ अपनी सेवाएं लगातार दे रहा है। विभाग का संचालन डॉ. नीतू द्विवेदी, डॉ. नितिन कुमार सिंह और डॉ. शिवानी गुप्ता की निगरानी में सुचारु रूप से किया जा रहा है।

सीएमएस का कहना है कि नई मशीनों और डिजिटल सुविधा से मरीजों को तेज, सटीक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।