इटावा/जसवंतनगर: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते से दो दिन में उड़ाए 68 हजार रुपये

 M.s verma

Manoj kumar 


जसवंतनगर में साइबर ठगी: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते से दो दिन में उड़ाए 68 हजार रुपये

जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के नगला पसी गांव में साइबर ठगों ने एक युवक के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) खाते से दो दिनों में 68 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

ग्राम नगला पसी, मौजा आलई निवासी पंकज कुमार पुत्र तेजपाल सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की इटावा स्थित कुरसैना शाखा में खाता है। उनके अनुसार, 4 जुलाई 2026 को खाते से 28 हजार रुपये तथा 5 जुलाई 2026 को 40 हजार रुपये, कुल 68 हजार रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए गए।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने इन दोनों दिनों में न तो कोई ऑनलाइन लेनदेन किया और न ही किसी को अपने बैंक खाते, एटीएम या ओटीपी से संबंधित कोई जानकारी साझा की। रुपये कटने का संदेश मोबाइल पर मिलने के बाद वह तत्काल बैंक पहुंचे। बैंक से उन्हें खाते का स्टेटमेंट उपलब्ध कराया गया, जिसमें धनराशि यूपीआई आईडी के माध्यम से निकाली जाना दर्शाया गया, लेकिन निकासी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

पीड़ित ने जसवंतनगर पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात साइबर ठग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने तथा उनके खाते से निकाली गई 68 हजार रुपये की धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।