इटावा: राम मंदिर दान विवाद पर कांग्रेस की 'सद्बुद्धि यात्रा', दोषियों पर कार्रवाई की मांग

 M.s verma

इटावा: राम मंदिर दान विवाद पर कांग्रेस की 'सद्बुद्धि यात्रा', दोषियों पर कार्रवाई की मांग

इटावा। राम मंदिर में दान, चढ़ावा और आभूषणों से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को इटावा में 'सद्बुद्धि यात्रा' निकाली। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आयोजित इस यात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित और शहर अध्यक्ष मोहम्मद ने किया। यात्रा अंबेडकर तिराहा स्थित बौद्ध विहार से शुरू होकर विकास भवन, एसएसपी कार्यालय होते हुए कचहरी स्थित दुर्गा देवी मंदिर पर समाप्त हुई।

जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़े मामले में अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राम भक्तों की आस्था से जुड़े इस मुद्दे पर न्याय की मांग कर रही है।

पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन करेगी।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने "चंदा चोरों को गिरफ्तार करो" और "राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ बंद करो" जैसे नारे लगाए।

इस मौके पर एडवोकेट पल्लव दुबे, कोमल सिंह कुशवाहा, अमित त्रिपाठी, ललित दुबे, अरुण यादव, वाचस्पति द्विवेदी, आसिफ जादरान, कमला वर्मा, रणवीर सिंह यादव, डॉ. जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।