इटावा: जहर की शीशी लेकर अस्पताल पहंची छात्रा: इटावा में पढाई के दबाव में जहर पीया, इमरजेंसी में किया गया इलाज

 M.S verma

Manoj kumar 

जहर की शीशी लेकर अस्पताल पहंची छात्रा: इटावा में पढाई के दबाव में जहर पीया, इमरजेंसी में किया गया इलाज

इटावा। इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा ने गुरुवार दोपहर पढ़ाई के दबाव में आकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। जहर खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर वह घबराने के बजाय अपनी सहेली के साथ हाथ में जहरीले पदार्थ की शीशी लेकर सीधे डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी पहुंच गई, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू कर उसे भर्ती कर लिया। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार छात्रा पिछले कई दिनों से पढ़ाई के दबाव के कारण मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव में उसने घर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को सूचना दिए बिना अपनी सहेली के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से मदद मांगी।

छात्रा की सहेली ने बताया कि वह लंबे समय से पढ़ाई को लेकर परेशान रहती थी और लगातार तनाव में थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाया। हालत बिगड़ते ही दोनों तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उपचार शुरू कर दिया।

अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. श्याम मोहन ने बताया कि विषाक्त पदार्थ के सेवन के बाद एक स्कूली छात्रा को अस्पताल लाया गया था। उसे तुरंत भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर है। घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को भी दे दी गई है।