इटावा: इटावा पुलिस मुठभेड़ में जसवंतनगर का कुख्यात बदमाश घायल, पैर में लगी गोली

 M.S verma

Manoj kumar 

इटावा पुलिस मुठभेड़ में जसवंतनगर का कुख्यात बदमाश घायल, पैर में लगी गोली

इटावा। जनपद के इकदिल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश शिवम उर्फ शिवा के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, इकदिल थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान अपनी टीम के साथ चितभवन नहर पुल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में मॉर्निंग वॉक के दौरान नर्सिंग होम संचालक डॉ. आर.एस. पाल से सोने की चेन लूटने वाला आरोपी क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना पर पुलिस टीम भरथना मार्ग स्थित सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल के पास पहुंची। पुलिस का दावा है कि नावली जाने वाले मार्ग पर खजूर की झाड़ियों के पास छिपे आरोपी शिवम उर्फ शिवा ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम उर्फ शिवा (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सत्य प्रकाश गोस्वामी, निवासी नगला तिवारी, वलैयापुर, थाना जसवंतनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 20,170 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शिवम उर्फ शिवा पर हत्या, चोरी, अवैध शराब, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह इकदिल थाना क्षेत्र में दर्ज लूट और शस्त्र अधिनियम के मामलों में भी वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।