इटावा/जसवंतनगर: अदिति यादव पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भड़के शिवपाल यादव, कहा- बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं

 

अदिति यादव पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भड़के शिवपाल यादव, कहा- बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं

जसवंतनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बेटियों और महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना न केवल निंदनीय है, बल्कि सामाजिक मर्यादाओं के भी खिलाफ है।

जसवंतनगर में आयोजित विराट कवि सम्मेलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन परिवार की महिलाओं और बेटियों को निशाना बनाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग और समर्थक सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं।

शिवपाल यादव ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश है। हालांकि उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका सभी को ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और हाईकमान के निर्देशों के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।

शिवपाल यादव ने कहा, “सोशल मीडिया संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम है, किसी की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने का नहीं। बेटियों और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।