इटावा/जसवंतनगर: किशोर का अपहरण कर खेत में बेरहमी से पीटा, जान से मारने की नीयत से की फायरिंग, तीन गिरफ्तार

 


किशोर का अपहरण कर खेत में बेरहमी से पीटा, जान से मारने की नीयत से की फायरिंग, तीन गिरफ्तार

इटावा/जसवंतनगर: थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर तमेरी निवासी विनय कुमार ने अपने पुत्र हर्ष के साथ मारपीट और फायरिंग किए जाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने घटना में नामजद चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

पीड़ित के पिता विनय कुमार के अनुसार, उनका पुत्र हर्ष बुधवार दोपहर करीब दो बजे महलई गांव में अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर हर्षित शाक्य, कपिल जाटव, धर्मेंद्र जाटव और शीटू उर्फ मंडल वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों युवक हर्ष को जबरन पकड़कर पास के एक खेत में ले गए, जहां उसके साथ लात-घूंसों और बेल्ट से जमकर मारपीट की गई।

बताया गया कि किसी तरह हर्ष आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने लगा। इसी दौरान शीटू उर्फ मंडल ने कथित रूप से उसे जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि हर्ष बाल-बाल बच गया और उसकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराने के साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।

थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जमुना बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी शीटू उर्फ मंडल अभी फरार है, जिसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।