फर्रुखाबाद में अलम जुलूस निकला, मातम और सदाएं बुलंद,शरबत स्टॉल लगे, अयातुल्ला खामेनेई के बैनर; पुलिस बल रहा मौजूद
फर्रुखाबाद में अलम जुलूस निकला, मातम और सदाएं बुलंद,शरबत स्टॉल लगे, अयातुल्ला खामेनेई के बैनर; पुलिस बल रहा मौजूद
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 945275077
फर्रुखाबाद शहर में मंगलवार को सातवीं मोहर्रम पर विभिन्न इमामबाड़ों से अलम जुलूस निकाले गए। इस दौरान इमाम हुसैन की याद में मातम किया गया और सदाएं बुलंद की गईं।
शिया मुसलमानों ने अलम निकालकर मातम किया, जबकि सुन्नी मुसलमानों ने भी अलम उठाए। जुलूस में अली असगर का झूला भी उठाया गया। अजादारों ने सीनाजनी और नोहेखानी करते हुए इमाम हुसैन की कुर्बानियों को याद किया।
मोहल्ला खटकपुरा स्थित इज्जत खां इमामों की चौकी पर सभासद अमीरुद्दीन उर्फ छोटे अंसारी ने शरबत का स्टॉल लगाया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। अफरोज आलम खान उर्फ मल्लू, आफाक अंसारी, मकसूद खान, बबलू खान, तौफीक खां उर्फ शिब्ली, बंटू और भाजपा नेता शानू खान सहित कई लोग मौजूद रहे। ठंडी सड़क सहित अन्य स्थानों पर भी शरबत वितरण किया गया। इस दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई के बैनर भी लगाए गए थे।
शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत और एसआई इमरान फरीद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। खटकपुरा में पुलिस ने दीवार पर बैठे लोगों को हटाया।
हालांकि, पूर्व जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन ने बताया कि ठंडी सड़क, मेहंदी बाग, छोटी कर्बला से उठाया गया अलम जुलूस सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक मेहंदी बाग छोटी कर्बला में संपन्न हुआ, लेकिन उनके जुलूस में कोई पुलिस प्रशासन मौजूद नहीं था, जबकि पुलिस अधीक्षक महोदय ने आदेश जारी किए थे।
ठंडी सड़क स्थित बारगाहे जैनविया से भी अलम जुलूस और अली असगर का झूला उठाया गया, जहां सीनाजनी कर मातम किया गया। अकरम अली ईरानी के नेतृत्व में ठंडी सड़क से निकला अलम जुलूस मोहल्ला घेर शामू खां, इंडस्ट्रियल एरिया होता हुआ पुनः मेहंदी बाग छोटी कर्बला स्थित बारगाहे जैनविया इमामबाड़े पहुंचा। खटकपुरा मोहल्ले से आरिस अंसारी के नेतृत्व में भी अलम उठाए गए।
मंगलवार को मोहर्रम की सातवीं तारीख बेहद गमजदा रही। कर्बला के शहीदों की याद में मजलिसों में हुसैन के शैदाइयों की आंखें नम रहीं। मजलिसों को मौलाना हसन अली ईश्फियानी और मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने खिताब किया। इस मौके पर मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली, मौलाना हसन अली ईश्फियानी, कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन, नफीस हुसैन, शादाब जैदी, सैय्यद शबाब, इत्तदा हैदर, सैफ हुसैन आब्दी, अम्मार अली, असलम अली ईरानी और अकरम अली ईरानी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
उधर, खटकपुरा मोहल्ला में इस्तियाक के इमामबाड़े से भी अलम उठाए गए। सातवीं मोहर्रम को मजलिसों का दौर भी जारी रहा। मोहल्ला घेर शामू खां, बजरिया, बूरावाली गली आदि में मजलिसें आयोजित की गईं, जिनमें कर्बला के शहीदों को याद किया जाता रहा।
Tags:
फर्रुखाबाद