इटावा: इटावा लूट का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तारः पुलिस ने एनकाउंटर में दो आरोपियों के पैर में मारी गोली. अस्पताल में भर्ती
एम.एस वर्मा
इटावा लूट का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तारः पुलिस ने एनकाउंटर में दो आरोपियों के पैर में मारी गोली. अस्पताल में भर्तीइटावा शहर के व्यस्त बलराम सिंह चौराहा–नौरंगाबाद रोड पर हुई 33,600 रुपये की दिनदहाड़े लूट का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में बताया कि राज्य सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग पहल के तहत विकसित यक्ष (Yaksh) ऐप के ब्रॉडकास्ट फीचर का उपयोग कर घटना की सूचना तत्काल जिलेभर की पुलिस टीमों तक पहुंचाई गई, जिससे आरोपियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी।
घटना 22 जून की है। फर्रुखाबाद निवासी अनिरुद्ध प्रताप सिंह शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से नकदी एकत्र कर बैंक और एटीएम में जमा कराने का कार्य करता है। नौरंगाबाद रोड पर पैदल जाते समय बाइक सवार बदमाश उसका बैग छीनकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को घेर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई पूरी 33,600 रुपये की नकदी, दो तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक तथा जला हुआ बैग बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
