निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत,परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही और गलत इलाज का आरोप

निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत,परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही और गलत इलाज का आरोप

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 24 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर घटिया इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मैनपुरी के ग्राम किरोली निवासी संदीप ने अपनी पत्नी संध्या को 10 जून को फर्रुखाबाद के मोहल्ला बजरिया हरलाल स्थित निजी चिकित्सालय भर्ती कराया था।
परसों शाम ऑपरेशन के बाद संध्या ने एक पुत्री को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल ने उसे रेफर करने को कहा। संदीप जब तक अपनी पत्नी को लेकर दूसरे निजी चिकित्सालय, आवास विकास पहुंचे, तब तक उसकी हालत अत्यधिक खराब हो चुकी थी और उसे मृत घोषित कर दिया गया। गुस्साए परिजन संध्या के शव को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर घटिया इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा, शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी, तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार सिंह और थाना मऊदरवाजा प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साए परिजनों को शांत कराया और उन्हें पहले पोस्टमार्टम कराने तथा अपनी शिकायत दर्ज कराने को कहा। पुलिस ने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी। चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदीप ने कोतवाली प्रभारी को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी संध्या को  निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। संदीप ने डॉक्टर  पर लापरवाही और गलत ऑपरेशन का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि 12 जून को सुबह लगभग 6:00 बजे संध्या की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे रेफर किया गया और सुबह 9:00 बजे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप के अनुसार, मरीज की स्थिति गंभीर होने के बाद ही रेफर करने को कहा गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला डॉ. के पति रिटायर होने के बाद भी राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करते हैं और सेवानिवृत्त होने के बावजूद वहां ड्यूटी कर रहे हैं। उन्होंने मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार न करने का भी आरोप लगाया। सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि संध्या की शादी मैनपुरी में हुई थी और उसका मायका थाना कादरी गेट क्षेत्र में है। उन्होंने पुष्टि की कि महिला को 10 जून को भर्ती कराया गया था और 12 जून को सुबह करीब 6:30 बजे परिजनों के अनुसार उसके मुंह से झाग आने लगा, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सीएमएस को सूचित कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रशासन से इस घटना के बारे में पूछे जाने पर कोई जवाब नहीं मिला।