राकेश टिकैत फर्रुखाबाद पहुंचे, शांति पाठ में शामिल हुए,अजय कटियार की मां को दी श्रद्धांजलि, किसानों को संघर्ष का मंत्र

राकेश टिकैत फर्रुखाबाद पहुंचे, शांति पाठ में शामिल हुए,अजय कटियार की मां को दी श्रद्धांजलि, किसानों को संघर्ष का मंत्र

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत बुधवार, 12 जून को फर्रुखाबाद पहुंचे। वे यहां जिलाध्यक्ष अजय कटियार की माताजी के शांति पाठ में शामिल हुए। टिकैत दोपहर 12:15 बजे नेकपुर कलां स्थित कटियार के आवास पर पहुंचे और शांति पाठ में भाग लेने के बाद 13:45 बजे अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।
टिकैत ने हवन में आहुति दी और दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को संबोधित भी किया।

राकेश टिकैत ने किसानों से अपनी जमीनें बचाने के लिए प्रशासन से संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अभी एक एक्सप्रेसवे निकल रहा है, भविष्य में और भी परियोजनाएं आएंगी।

टिकैत ने लिंक एक्सप्रेसवे में जा रही जमीनों के सर्किल रेट बढ़ने का उल्लेख किया। उन्होंने इसे जिलाध्यक्ष और किसानों के संघर्ष का परिणाम बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ जगहों पर सर्किल रेट अभी भी कम हैं, जिन्हें बढ़वाने के लिए किसानों को और संघर्ष करना होगा। उन्होंने किसानों को आगाह किया कि सरकार और जिला प्रशासन उन्हें जमीनों का बैनामा कराने के लिए धमकाएंगे और 'लाल आंख' भी दिखाएंगे।
टिकैत ने किसानों से ऐसी धमकियों से न डरने और उनकी बातों में न आने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि फर्रुखाबाद का किसान अब जाग गया है और अपने खेतों को बचाने के लिए प्रशासन से लड़ना सीख गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सहमति के बिना कोई भी उनकी जमीन नहीं ले सकता। यदि जिला प्रशासन किसी किसान को जमीन न देने पर धमकाता है, तो पूरे देश के आंदोलन फर्रुखाबाद में ही चलेंगे।
टिकैत ने सरकार से खाद की आपूर्ति पर ध्यान देने की अपील की, क्योंकि किसान खाद के लिए लंबी लाइनों में खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों की नजर किसानों की जमीनों पर है, जिन्हें बचाना किसानों की जिम्मेदारी है।
शांति पाठ में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय महासचिव विजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह यादव, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव उदय वीर यादव, उत्तर प्रदेश सचिव तिलक सिंह राजपूत, आगरा मंडल उपाध्यक्ष रूपेंद्र शाक्य, आगरा युवा मंडल सचिव विपिन यादव और बुलंदशहर जिला अध्यक्ष आरव सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे। इनके अतिरिक्त, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी मृत्यंजय शर्मा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव कौशलेंद्र सिंह यादव, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ठाकुर जितेंद्र सिंह, कायमगंज विधायक के प्रतिनिधि अजीत गंगवार और कांग्रेस की पूर्व भोजपुर विधानसभा प्रत्याशी अर्चना राठौर ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।