युवक ने फांसी लगाकर जान दी,बहन ने पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया,पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

युवक ने फांसी लगाकर जान दी,बहन ने पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया,पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के मऊदरबाजा थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय रंजीत उर्फ कन्हैया ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मृतक की बड़ी बहन नीरू यादव ने उसकी पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना ग्राम हिदरैया मौजा खिनमिनी में हुई, जहां रंजीत का शव घर के छज्जे की ग्रिल से दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।

मृतक की पत्नी प्रीति यादव ने पुलिस को बताया कि रंजीत शराब के नशे में था। रंजीत और प्रीति का विवाह पांच साल पहले हुआ था और उनका एक चार वर्षीय बेटा है।
वहीं, मृतक की बड़ी बहन नीरू यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नीरू यादव के अनुसार, उसके भाई को उसकी पत्नी, ससुराल वालों और सालों ने बुरी तरह पीटा था, जिससे उसे चोटें आई थीं। नीरू ने दावा किया कि मारपीट के बाद उसे मारकर लटका दिया गया।

मृतक रंजीत उर्फ कन्हैया पुत्र रामनरेश यादव मजदूरी का काम करता था। वह अपने परिवार में दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता रामनरेश यादव, बड़ी बहन नीरू यादव और दूसरी बहन रितु यादव हैं। उसकी माता का निधन लगभग एक वर्ष पहले हो गया था।
थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।