इटावा/जसवंतनगर: 14 दिन से लापता किशोरी को पुलिस ने किया बरामद

चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार


14 दिन से लापता किशोरी को पुलिस ने किया बरामद

बस स्टैंड से युवक संग मिली नाबालिग, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में आरोपी गिरफ्तार

जसवंतनगर। क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में बलरई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 14 दिन से गायब किशोरी को शनिवार रात जसवंतनगर बस स्टैंड स्थित पिंक बूथ के पास से बरामद कर लिया। उसके साथ मौजूद युवक को गिरफ्तार कर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार किशोरी के पिता ने 14 दिन पूर्व अज्ञात युवक के खिलाफ पुत्री के गायब होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलरई पुलिस की दो टीमें किशोरी की तलाश में लगातार जुटी थीं।

शनिवार रात बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र से लापता किशोरी एक युवक के साथ कहीं जाने की फिराक में जसवंतनगर बस स्टैंड चौराहे पर स्थित पिंक बूथ के पास खड़ी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम और महिला आरक्षियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आए।

पुलिस के अनुसार किशोरी के बयान के आधार पर मुकदमे में अपहरण, दुष्कर्म तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 65 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(जे)(2)/6 बढ़ाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी योगेश कुमार पुत्र ख्याली सिंह उर्फ हरीश निवासी ग्राम नौगांव, थाना चित्राहट, जनपद आगरा, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।वहीं बरामद किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

फोटो:-नाबालिक से दुष्कर्म का आरोपी योगेश।