प्रेम प्रसंग में युवक ने युवती को गोली मारी,फर्रुखाबाद में 72 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद

प्रेम प्रसंग में युवक ने युवती को गोली मारी,फर्रुखाबाद में 72 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती को गोली मारने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मऊदरवाजा थाना पुलिस ने आरोपी विशाल कश्यप को घटना में प्रयुक्त तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ा।

यह घटना 11 जून 2026 की रात को मऊदरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज बहादुरगंज मोहल्ले में हुई थी। आरोपी विशाल कश्यप (21) का फोन पर युवती सलोनी (18) से विवाद हो गया था। गुस्से में विशाल सलोनी के घर पहुंचा और छत पर बैठी सलोनी पर तमंचे से गोली चला दी। गोली सलोनी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गई। उसे तत्काल डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल ने बताया कि उसका सलोनी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना वाली रात सलोनी ने उससे फोन पर बात करने से मना कर दिया था, जिससे वह गुस्से में था। इसी कारण उसने सलोनी को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। गोली मारने के बाद वह तमंचा छिपाकर फरार हो गया था।

इस संबंध में 12 जून 2026 को अरुण मौर्या पुत्र विवेक मौर्या ने मऊदरवाजा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर विशाल कश्यप के खिलाफ मु0अ0स0 217/2026 धारा 333/352/109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी गई। पुलिस टीमें तभी से आरोपी की तलाश में जुटी थीं।

मुखबिर की सूचना और सर्विस सेल टीम की मदद से पुलिस ने विशाल को चिलसरा रोड, अमिलापुर तिराहा के पास से लगभग 3:40 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय वह तमंचा और कारतूस गंगा कटरी में फेंकने जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देसी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।

इस गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी अजब सिंह, चौकी इंचार्ज बजरिया एसआई जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, कांस्टेबल अंकित गुर्जर और कांस्टेबल विपुल पांडे शामिल थे। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।