इटावा/जसवंतनगर: अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन, इलाज शुरू होने से पहले तोड़ा दम
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन, इलाज शुरू होने से पहले तोड़ा दमविषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम कटेखेरा निवासी 40 वर्षीय युवक की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम कटेखेरा निवासी ललित शुक्ला (40) पुत्र अरविंद शुक्ला ने सोमवार रात करीब 10 बजे अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ललित शुक्ला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां ममता देवी, पत्नी मोहिनी, 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा और 10 वर्षीय पुत्र ध्रुव का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
