इटावा/जसवंतनगर: बिजली विभाग की 50 घरों की जांच, छह घरों में बिजली चोरी पकड़ी, मुकदमा दर्ज

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार


 बिजली विभाग की  50 घरों की जांच, छह घरों में बिजली चोरी पकड़ी, मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर/इटावा। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने मंगलवार सुबह नगर के विभिन्न क्षेत्रों में मॉर्निंग रेड अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 50 घरों की जांच की गई, जिसमें छह घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी आरोपितों के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

विजिलेंस टीम ने नगर के रेलमंडी, जैन मोहल्ला और लोहामंडी क्षेत्रों में सुबह-सुबह छापेमारी कर बिजली कनेक्शनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान छह उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं अन्य उपभोक्ताओं में भी बिजली चोरी को लेकर सतर्कता और जागरूकता देखने को मिली।

छापेमारी अभियान में जेई विजिलेंस आलोक कुमार, जेई नगर कौशल पाण्डेय, प्रभारी विजिलेंस भगवान सिंह, टीजी-2 राकेश कुमार के साथ लाइनमैन बॉबी, कुलदीप, रवि, लालकुमार एवं अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मीटर बायपास, कटिया डालकर अथवा अन्य किसी भी तरीके से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।