इटावा/जसवंतनगर: बरसात से पहले नालों की सफाई अधूरी, जलभराव का खतरा बढ़ा | जेसीबी खराब होने से रुका अभियान
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
बरसात से पहले नालों की सफाई अधूरी, जलभराव का खतरा बढ़ा | जेसीबी खराब होने से रुका अभियान
जसवंतनगर, इटावा। मानसून से पहले नगर पालिका की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर के कई बड़े और छोटे नालों में कूड़ा-कचरा और गाद जमा होने से आगामी बारिश में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की समुचित सफाई नहीं कराई गई तो कई मोहल्लों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन सकती है।
नगर क्षेत्र में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इस बार भी बरसात पूर्व नालों की तलीझाड़ सफाई का कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। अधिकांश नाले अभी भी गंदगी और कचरे से भरे हुए हैं, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर पालिका के सफाई प्रभारी निरीक्षक रामसिया ने बताया कि नगर में रेलमंडी, कोठी कैस्त, सिद्धार्थपुरी, छिमारा मार्ग, मोहन की मढ़ैया, लुधपुरा, सिसहाट और अहीर टोला समेत करीब 11 बड़े नाले हैं। इनकी सफाई के लिए अभियान शुरू किया गया था, लेकिन सफाई में लगी जेसीबी मशीन खराब हो जाने से कार्य बीच में ही रुक गया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई नाले अतिक्रमण की चपेट में हैं। कुछ स्थानों पर नालों को पाट दिया गया है, जबकि कई जगह उनके ऊपर स्थायी निर्माण कर लिया गया है। इससे जल निकासी बाधित होने के साथ सफाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में ईओ श्याम वचन सरोज ने बताया कि खराब हुई जेसीबी मशीन को ठीक करा दिया गया है। मंगलवार से रेलमंडी मोहल्ले में सभासद सुधीर यादव की मौजूदगी में नाले की सफाई दोबारा शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बरसात शुरू होने से पहले नगर के सभी प्रमुख नालों की सफाई क्रमवार पूरी करा दी जाएगी।
