इटावा/जसवंतनगर: रोडवेज बसों की मनमानी से यात्री परेशान, जसवंतनगर बस स्टैंड पर नहीं हो रहा नियमित ठहराव
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
रोडवेज बसों की मनमानी से यात्री परेशान, जसवंतनगर बस स्टैंड पर नहीं हो रहा नियमित ठहरावजसवंतनगर। जसवंतनगर बस स्टैंड पर रोडवेज बसों के नियमित रूप से नहीं रुकने की समस्या एक बार फिर गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर बनने के बाद अधिकांश बसें सर्विस रोड से कस्बे के भीतर आने के बजाय सीधे फ्लाईओवर से गुजर जाती हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 40 हजार की नगरीय आबादी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित एक लाख से अधिक लोगों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद जसवंतनगर परिवहन सुविधाओं की उपेक्षा झेल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले आगरा और इटावा की ओर जाने वाली लगभग सभी रोडवेज बसें बस स्टैंड चौराहे पर रुकती थीं, लेकिन पिछले छह वर्षों में स्थिति लगातार बिगड़ती गई है।
यात्रियों के अनुसार, आगरा और इटावा से आने वाली कई बसें कस्बे से आधा से एक किलोमीटर पहले ही सवारियों को उतार देती हैं। इसके बाद यात्रियों को भीषण गर्मी में पैदल चलकर बस स्टैंड या अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। वहीं बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन अधिकांश बसें बिना रुके फ्लाईओवर से निकल जाती हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन और शिकायतें दी गईं। कुछ माह पहले विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर फ्लाईओवर से गुजरने वाली बसों को निर्धारित मार्ग से भेजा और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक-परिचालकों पर कार्रवाई भी की थी। अभियान के दौरान व्यवस्था में सुधार हुआ, लेकिन अभियान समाप्त होते ही हालात फिर पहले जैसे हो गए।
लोगों का आरोप है कि रोडवेज बसों के नियमित न रुकने से निजी डग्गामार वाहनों को लाभ मिल रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना पड़ता है और रोडवेज निगम को भी हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
यात्री श्रीनिवास रेलमंडी ने बताया कि उन्हें बस स्टैंड से पहले ही उतार दिया गया, जबकि उन्होंने चालक से बस स्टैंड तक ले जाने का अनुरोध किया था। वहीं सुनील कुमार भिडरुआ ने कहा कि बस से उतरने के बाद उन्हें बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ा और तेज धूप में काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
इस संबंध में एआरएम अमित कुमार ने बताया कि सभी चालक और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे फ्लाईओवर के बजाय निर्धारित मार्ग से होकर जसवंतनगर बस स्टैंड पर बसों का ठहराव सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी निर्देशों की अनदेखी करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
