इटावा/जसवंतनगर: मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, ताजियों की ऊंचाई 10 फीट तक सीमित रखने के निर्देश
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, ताजियों की ऊंचाई 10 फीट तक सीमित रखने के निर्देशजसवंतनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना जसवंतनगर सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने की। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं।सीओ ने निर्देश दिए कि ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न रखी जाए। शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। यदि कहीं कोई विवाद या समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बैठक में तहसीलदार अभिजीत, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज, थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, यशवीर तोमर, शिवशंकर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अजेंद्र गौर, सांसद प्रतिनिधि हाजी समीम, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र चौहान, उमा सागर, मनोज शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, जयशिव, शेष कुमार वाल्मीकि, निजामुद्दीन, मोहम्मद दिलशाद, मोहम्मद फारूक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

