इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर तहसील को मिले नए तहसीलदार, अभिजीत गौरव ने संभाला कार्यभार

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

जसवंतनगर तहसील को मिले नए तहसीलदार, अभिजीत गौरव ने संभाला कार्यभार

जसवंतनगर। मॉडल तहसील जसवंतनगर में नव नियुक्त तहसीलदार अभिजीत गौरव ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध ढंग से संपादित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मूल रूप से गोरखपुर जनपद के निवासी अभिजीत गौरव इससे पूर्व रायबरेली एवं हरदोई में नायब तहसीलदार के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए शासन द्वारा पदोन्नति के उपरांत उन्हें जसवंतनगर तहसील में तैनात किया गया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद तहसीलदार अभिजीत गौरव ने कहा कि आमजन अपनी राजस्व एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए सीधे तहसील प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर तहसील परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

नव नियुक्त तहसीलदार के आगमन से क्षेत्रवासियों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता की उम्मीद है।