इटावा/जसवंतनगर: तहसील परिसर में रिटायर्ड फौजी का निधन, नव नियुक्त तहसीलदार ने गोद में उठाकर पहुंचाया गाड़ी तक

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

तहसील परिसर में रिटायर्ड फौजी का निधन, नव नियुक्त तहसीलदार ने गोद में उठाकर पहुंचाया गाड़ी तक.

जसवंतनगर। मॉडल तहसील परिसर में सोमवार को एक रिटायर्ड फौजी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। नव नियुक्त तहसीलदार अभिजीत गौरव और नायब तहसीलदार नेहा सचान ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग को सरकारी वाहन से अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार 68 वर्षीय इंद्रपाल सिंह यादव पुत्र रामनाथ यादव, निवासी रेलमंडी जसवंतनगर, किसी कार्य से मॉडल तहसील आए थे। इसी दौरान वह अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही तहसीलदार अभिजीत गौरव एवं नायब तहसीलदार नेहा सचान मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तहसीलदार ने स्वयं उन्हें सहारा देकर सरकारी गाड़ी में बैठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया ही नहीं बल्कि दोनों लोग स्वयं सी एच सी में भी इलाज के दौरान उपस्थिति रहे और दिशा निर्देश देते रहे.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद इंद्रपाल सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी रामाकंती यादव, बड़े पुत्र अखिलेश कुमार, छोटे पुत्र मुकेश कुमार तथा पुत्री उमा को छोड़ गए हैं। तीनों संतानें विवाहित हैं। रिटायर्ड फौजी की अचानक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।