इटावा/जसवंतनगर: युवक अवैध तमंचा, कारतूस के साथ गिरफ्तारः जसवंतनगर में वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सीज, आर्म्स एक्ट का केस

 एम.एस वर्मा

युवक अवैध तमंचा, कारतूस के साथ गिरफ्तारः जसवंतनगर में वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सीज, आर्म्स एक्ट का केस

जसवंतनगर, इटावा। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत जसवंतनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दस्तावेज न दिखाने पर उसकी मोटरसाइकिल भी सीज कर दी गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

सोमवार को थाना प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से छिमारा रोड की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार है। सूचना पर पुलिस ने भैसान मोड़ पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद जसवंतनगर की ओर से आ रहे बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजेन्द्र उर्फ बल्ले पुत्र कृपाल सिंह, निवासी ग्राम नवलपुरा, थाना सैफई बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल (UP 75 AU 3303) के कागजात भी मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत बाइक को सीज कर दिया गया।

थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना जसवंतनगर में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।