इटावा/जसवंतनगर: लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे के बाद जसवंतनगर पुलिस अलर्ट, कोचिंग सेंटरों का किया निरीक्षण

 एम.एस वर्मा

लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे के बाद जसवंतनगर पुलिस अलर्ट, कोचिंग सेंटरों का किया निरीक्षण

जसवंतनगर, इटावा। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद जसवंतनगर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक्टिव मोड में आ गई है। क्षेत्राधिकारी (CO) आयुषी सिंह एवं थाना प्रभारी कमल भाटी ने नगर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन करने, भवन में पर्याप्त निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट), अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) तथा विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।

CO आयुषी सिंह ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन सभी शिक्षण संस्थानों के लिए अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी कमल भाटी ने कोचिंग संचालकों से समय-समय पर सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने और आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित रखने की अपील की।

पुलिस की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ी है और विद्यार्थियों व अभिभावकों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।