इटावा/जसवंतनगर: रक्तदान कर बालिका की जान बचाने वाली जसवंतनगर पुलिस टीम का हुआ सम्मान

एम.एस वर्मा

रक्तदान कर बालिका की जान बचाने वाली जसवंतनगर पुलिस टीम का हुआ सम्मान

जसवंतनगर। एनीमिया पीड़ित एक किशोरी की मदद के लिए रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश करने वाली जसवंतनगर पुलिस टीम का सोमवार को थाना सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाजसेवियों ने पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला व अंगवस्त्र भेंट कर उनके सेवा भाव का अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह में थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार, मिशन शक्ति प्रभारी संगम कुमारी तथा महिला आरक्षी विनीता कुमारी को सम्मानित किया गया। इन सभी ने हाल ही में एनीमिया से पीड़ित एक किशोरी के लिए रक्तदान कर उसकी मदद की थी।

इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. धर्मेंद्र कुमार, राष्ट्रीय सनातन एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत चतुर्वेदी, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष मोहम्मद जहीर कुरैशी, पारस रजौरिया एवं मोहम्मद निजाम सहित अन्य लोगों ने पुलिस टीम को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

वक्ताओं ने कहा कि पुलिस का यह कार्य केवल कर्तव्य पालन नहीं, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। जरूरतमंद किशोरी के लिए समय पर रक्तदान कर पुलिस टीम ने यह साबित किया कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील और सेवा के लिए समर्पित इंसान भी होता है।

समारोह में उपस्थित लोगों ने पुलिस टीम के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।