इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में पॉलिथीन विरोधी अभियान; तीन दुकानों पर ₹3000 का जुर्माना, 10 किलो पॉलिथीन की जब्त!

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

जसवंतनगर में पॉलिथीन विरोधी अभियान; तीन दुकानों पर ₹3000 का जुर्माना, 10 किलो पॉलिथीन की जब्त!

जसवंतनगर। नगर पालिका परिषद ने शनिवार को प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

पालिका टीम ने मुख्य चौराहा, बड़ा चौराहा, नदी पुल क्षेत्र, किराना बाजार तथा सब्जी मंडी सहित कई स्थानों पर दुकानों की जांच की। अभियान के दौरान मोहल्ला होमगंज में एक जूस विक्रेता, एक हलवाई और एक किराना दुकानदार के यहां से करीब 10 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद कर जब्त की गई।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीनों दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन द्वारा पॉलीथिन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और इसके प्रयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से कपड़े और कागज के थैलों का उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया इसी पॉलीथिन की बजह से अक्सर नालियां चोक होती है. ये सब अब नहीं चलेगा. नगर को साफ सुथरा रखना हम सब की जिम्मेदारी है.

अभियान में वरिष्ठ लिपिक नवनीत शाक्य, लाल कुमार यादव, सुरजीत कुमार, राममोहन सखी त्रिपाठी सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पालिका प्रशासन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए पॉलीथिन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।