इटावा/जसवंतनगर: जन आरोग्य मेले में उमड़ी भीड़, केंद्र सरकार की योजनाओं की दी गई जानकारी

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

जसवंतनगर: जन आरोग्य मेले में उमड़ी भीड़, केंद्र सरकार की योजनाओं की दी गई जानकारी

जसवंतनगर। ब्लॉक परिसर स्थित सभागार में सोमवार को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत के नेतृत्व में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रधानों तथा क्षेत्र के आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर संजीव राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संगठन एवं सरकार द्वारा प्रदेशभर में जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य, कृषि, स्वयं सहायता समूहों और अन्य योजनाओं से संबंधित शिविर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराना है। किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वयं सहायता समूहों और अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का निस्तारण भी कर रहे हैं।
संजीव राजपूत ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं, जबकि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर के बाद इसी प्रकार के जन चौपाल कार्यक्रम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।