इटावा/जसवंतनगर: घर के बाहर बैठे मां-बेटे से मारपीट का आरोप, थाने में दी तहरीर
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
घर के बाहर बैठे मां-बेटे से मारपीट का आरोप, थाने में दी तहरीर
जसवंतनगर/इटावा। थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा बुजुर्ग में मां-बेटे के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कुछ लोगों पर घर के बाहर आकर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी दिलीप कुमार लोधी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह रविवार रात करीब 8 बजे अपनी मां महारानी देवी के साथ घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दिलीप का आरोप है कि मारपीट में उसके सिर, नाक और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी मां महारानी देवी को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।
पीड़ित ने मामले में नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाना जसवंतनगर में तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
