इटावा/जसवंतनगर: कचौरा घाट बाईपास कट पर हादसा, ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

कचौरा घाट बाईपास कट पर हादसा, ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत

जसवंतनगर। कचौरा घाट बाईपास कट तहसील के सामने बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की जान चली गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा जनपद के थाना जगनेर क्षेत्र स्थित ग्राम कासिमपुर निवासी मोमिन पुत्र अस्मत अली (40 वर्ष) नगर के समीप स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह साइकिल से सब्जी खरीदने के लिए मंडी जा रहा था। इसी दौरान तहसील कार्यालय के सामने कचौरा घाट बाईपास कट पर बाईपास से हाईवे की ओर मुड़ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की चपेट में आने से मोमिन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ईंट भट्ठा संचालक सतेंद्र महेरे उर्फ अप्पी ने बताया कि मोमिन पिछले लगभग दस वर्षों से अपने परिवार के साथ भट्ठे पर रहकर मजदूरी कर रहा था। उसकी मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

अस्पताल पहुंचने पर मृतक की पत्नी गुड़िया, पुत्र इरफान व छोटू तथा पुत्रियां निशा, गोलू और जीनत का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बतसिया बेगम भी गहरे सदमे में आ गईं।

पुलिस ने सीएचसी से प्राप्त मेमो के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।