फर्रुखाबाद में 8वीं मोहर्रम पर निकले अलम जुलूस,बंगशपुरा में 100 साल पुरानी परंपरा, शिया समुदाय ने किया मातम

फर्रुखाबाद में 8वीं मोहर्रम पर निकले अलम जुलूस,बंगशपुरा में 100 साल पुरानी परंपरा, शिया समुदाय ने किया मातम

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077

फर्रुखाबाद में 8वीं मोहर्रम के अवसर पर शहर के विभिन्न हिस्सों से अलम और ताजिया जुलूस निकाले गए। इमाम हुसैन के अनुयायियों ने मातम किया और हजरत अब्बास को याद किया। इस दौरान बंगशपुरा में अलम की परंपरा ने 100 साल पूरे किए।
रकाबगंज स्थित दरगाह हज़रत अब्बास पर देर रात मजलिस हुई, जिसे मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने खिताब किया। इस दौरान शिया समुदाय के लोगों ने सीनाजनी कर मातम किया। इस मौके पर सलीम हैदर, नादिर हुसैन, टीटू रिजवी, शानू हुसैन रिज़वी और शारिफ़ हुसैन रिज़वी उर्फ शोबी सहित कई लोग मौजूद रहे।
बुधवार को फतेहगढ़ के मछली टोला स्थित मुनव्वर अब्बास के इमामबाड़े से भी अलम जुलूस निकाला गया। इसमें अजादारों ने कर्बला के शहीदों को याद करते हुए मातम किया। यह जुलूस मछली टोला से शुरू होकर कोतवाली चौराहा होते हुए इमामबाड़े पर समाप्त हुआ। बीबीगंज मोहल्ले से भी रात 9:30 बजे से 12:30 बजे तक रकाबगंज तिराहा पर जुलूस संपन्न हुआ।

पूर्व में 180 साल पुराना फूलों का अलम उठाया जाता था। हालांकि, इस वर्ष प्रशासन की गाइडलाइन के तहत दिलदार खां और सपा नेता कमलबाबू के नेतृत्व में 10 फीट का अलम और ताजिया उठाया गया। सैकड़ों इमाम हुसैन के अनुयायियों ने सदाएं बुलंद कीं। देर रात ताजिया जुलूस मुख्य मार्ग से रकाबगंज तिराहा पहुंचकर समाप्त हुआ।

मदारबाड़ी बड़ा इमामबाड़ा में मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने मजलिस को खिताब किया। इसके बाद मदारबाड़ी मोहल्ले से मरहूम अवजल हुसैन के यहां से भी अलम जुलूस निकाला गया, जहां अजादारों ने सीनाजनी कर मातम किया।

उधर, बंगशपुरा मोहल्ले से गुलजार खां (पुत्र मकबूल खां) द्वारा 22 अलम उठाए गए। बंगशपुरा में अलम की यह परंपरा 100 साल पुरानी हो चुकी है।

8वीं मोहर्रम पर बूरावाली गली, कटरा बख्शी, बरगाहे जैनानिया, मदारबाड़ी घेर शामू खां, बजरिया और भीकमपुरा सहित अन्य मोहल्लों के इमामबाड़ों में भी मजलिसें आयोजित की गईं। इन मजलिसों को मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली और अन्य उलेमाओं ने संबोधित किया।

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत, थाना प्रभारी अजब सिंह, एसएसआई वीरेंद्र सिंह, एसआई पंकज कुमार, बजरिया चौकी इंचार्ज यतेन्द्र सिंह, एसआई इमरान फरीद, हेड कांस्टेबल सरताज अहमद, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल नरेश और कांस्टेबल सौरव चौधरी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।