इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, जेवरात और नकदी समेत एक आरोपी गिरफ्तार
एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
जसवंतनगर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, जेवरात और नकदी समेत एक आरोपी गिरफ्तारजसवंतनगर। थाना जसवंतनगर पुलिस ने कैस्त गांव में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए अधिकांश सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर ली है। वहीं घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 17 जून की रात कैस्त निवासी अनीता देवी, पत्नी रमेश चंद्र राठौर के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोर घर से सोने का मंगलसूत्र, कान के कुंडल, अंगूठी, कान की कील, दो चांदी की करधनी, सात जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, तीन खड़ुआ तथा करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने तत्काल टीम गठित कर मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। जांच की जिम्मेदारी चौकी प्रभारी मनीष कुमार को सौंपी गई।
बीती रात पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बकरी बाजार के पास तीन संदिग्ध युवक किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश उर्फ कल्लू, पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी दतावली (वर्तमान पता: काशीराम कॉलोनी, जसवंतनगर) बताया। उसकी निशानदेही पर चोरी का मंगलसूत्र, अंगूठी, कान के कुंडल, कान की कील, चांदी की करधनी, सात जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, तीन खड़ुआ तथा 14 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

