रामआसरे विश्वकर्मा: 'जातिवाद-भ्रष्टाचार चरम पर, 2027 में बदलाव तय',सपा राष्ट्रीय सचिव ने फर्रुखाबाद में सियासी जमीन की हकीकत जानी
रामआसरे विश्वकर्मा: 'जातिवाद-भ्रष्टाचार चरम पर, 2027 में बदलाव तय',सपा राष्ट्रीय सचिव ने फर्रुखाबाद में सियासी जमीन की हकीकत जानी
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद: 03 जून 2026 को 2027 विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट जमीनी स्तर पर शुरू हो गई है। पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर समाजवादी पार्टी ने चुनावी कमर कस ली है। जहां सपा मुखिया एक तरफ प्रत्याशी चयन और जमीनी हकीकत खंगालने में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी नेताओं का जिलों में दौरा और सियासी बयानबाजी का सिलसिला तेज हो गया है।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने आवास विकास स्थित होटल हिंदुस्तान के सभागार में विश्वकर्मा समाज एवं समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य फर्रुखाबाद की सियासी जमीन की हकीकत को जानना था। कार्यक्रम का आयोजन जिला सचिव शिवशंकर शर्मा ने किया, जबकि संचालन ओमप्रकाश शर्मा ने किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में जातिवाद और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ हुए अन्याय का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षण में पल रहे लोगों ने उस बेटी से मिलने जा रहे प्रतिनिधिमंडल पर हमला किया था।
विश्वकर्मा ने आगे कहा कि आज लोकतंत्र की गरिमा तार-तार हो चुकी है और सत्ता पक्ष अपने लोगों की गुंडई के बल पर न्याय मांग रहे लोगों का मुंह बंद करना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि किसान, व्यापारी, छात्र, नौजवान और महिलाएं सभी इस सरकार की दिशाहीन और भ्रष्ट नीतियों से परेशान हैं, तथा महंगाई आसमान छू रही है। उनके अनुसार, यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता पूर्ण रूप से बदलाव का मन बना चुकी है और माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में प्रदेश में पीडीए सरकार बनेगी।
पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि फर्रुखाबाद समाजवादियों की ऐतिहासिक धरती है, जिसका नेतृत्व कभी डॉ. राममनोहर लोहिया जी ने किया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह 2012 में जनपद की चारों सीटों पर पार्टी को विजय मिली थी, वैसे ही 2027 के चुनाव में भी वही नतीजे आएंगे और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की पीडीए सरकार बनेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, प्रदेश सचिव मंदीप यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम फारुकी, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, वरिष्ठ नेता डॉ. जेपी वर्मा, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव सहित कई अन्य नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, युनूस अंसारी, महानगर युवजन सभा अध्यक्ष मुजाहिद अंसारी, महिला सभा की पूर्व महानगर अध्यक्ष बीना शर्मा, सदर विधानसभा प्रभारी पवन कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड विशाल राठौर, प्रशांत राठौर, महानगर महासचिव रजत क्रांतिकारी, चंद्रेश राजपूत, जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड अर्चित शर्मा, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, मुकेश शर्मा आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags:
फर्रुखाबाद