कायमगंज मार्केटिंग इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के निर्देश,गेहूं भीगने और धीमी खरीद पर DM ने दिए प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश

कायमगंज मार्केटिंग इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के निर्देश,गेहूं भीगने और धीमी खरीद पर DM ने दिए प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077

फर्रुखाबाद, 12 मई 2026: जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित गेहूं खरीद कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गेहूं क्रय की प्रगति, उठान की स्थिति और क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया गया।

बैठक के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 5502 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसके सापेक्ष केवल 1485 मीट्रिक टन गेहूं का ही उठान किया गया है।

जिलाधिकारी ने खरीद के मुकाबले गेहूं उठान की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि कम उठान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कायमगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गेहूं भीगने की घटना को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कायमगंज के संबंधित मार्केटिंग इंस्पेक्टर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि गेहूं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गेहूं भीगने अथवा क्षति होने की स्थिति में संबंधित क्रय एजेंसी एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर गेहूं के सुरक्षित भंडारण, समयबद्ध उठान एवं किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु गेहूं खरीद व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।