पुलिस की कड़ी निगरानी में चाचूपुर पहुंचे सपाई,नामित सदस्यों को ही पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति मिली

पुलिस की कड़ी निगरानी में चाचूपुर पहुंचे सपाई,नामित सदस्यों को ही पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति मिली

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077

फर्रुखाबाद :थाना राजेपुर क्षेत्र के चाचूपुर जटपुरा में एक युवक का शव मिलने के बाद हुई हिंसक झड़प के मामले में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। पुलिस ने पहले प्रतिनिधिमंडल को जिला कार्यालय पर रोक दिया, लेकिन बाद में केवल नामित सदस्यों को ही घटनास्थल पर जाने की अनुमति दी।

विगत दिनों चाचूपुर जटपुरा में एक युवक का शव मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई ग्रामीण घायल हुए थे। पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था।

समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने घटना का भौतिक सत्यापन करने और पीड़ित परिवार से मिलने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल नियुक्त किया था। इसी क्रम में आज प्रतिनिधिमंडल के सदस्य जिला कार्यालय पर एकत्रित हुए। हालांकि, प्रशासन ने क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय और क्षेत्राधिकारी सिटी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात कर सभी को रोक लिया।

जिला कार्यालय में करीब एक घंटे तक सपा नेताओं और क्षेत्राधिकारियों के बीच बातचीत चलती रही। सपा नेता घटनास्थल पर जाने पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव से फोन पर बात की और सभी नेताओं को अपने कार्यालय बुलाया। पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदेश कार्यालय से नामित प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को ही जाने की अनुमति दी।

क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय और क्षेत्राधिकारी सिटी अभय वर्मा के साथ भारी पुलिस बल की कड़ी निगरानी में केवल नामित सदस्य ही पीड़ित परिवार से मिलने चाचूपुर पहुंच पाए। सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान पाया कि मृतक के परिवार की तहरीर अभी तक पुलिस को नहीं मिल पाई थी। सपा नेताओं ने अपनी उपस्थिति में पीड़ित परिवार की तहरीर क्षेत्राधिकारी को दिलवाई। पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।