इटावा/जसवंतनगर: बोर्ड बैठक में वार्षिक बजट ध्वनि मत से पास, नेताजी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
बोर्ड बैठक में वार्षिक बजट ध्वनि मत से पास, नेताजी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत
नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में वार्षिक बजट ध्वनि मत से पारित, विकास कार्यों और सौंदर्यीकरण पर भी बनी सहमति
जसवंतनगर पालिका का 17.18 करोड़ रुपये का बजट पारित, नेताजी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत
जसवंतनगर। नगर पालिका परिषद जसवंतनगर की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने की, जबकि मुख्य रूप से विधायक शिवपाल सिंह यादव मौजूद रहे। बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिशाषी अधिकारी श्याम बचन सरोज ने बजट का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए पालिका की अनुमानित आय 17 करोड़ 18 लाख 7 हजार 515 रुपये तथा अनुमानित व्यय 16 करोड़ 1 लाख 30 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार पालिका ने 1 करोड़ 16 लाख 77 हजार 515 रुपये के लाभ का बजट प्रस्तुत किया है।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक पालिका की वास्तविक आय 13 करोड़ 53 लाख 30 हजार 629 रुपये रही, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 का शेष धन 5 करोड़ 86 लाख 76 हजार 954 रुपये था। दोनों को मिलाकर कुल उपलब्ध राशि 19 करोड़ 40 लाख 7 हजार 883 रुपये रही। इसी अवधि में कुल व्यय 14 करोड़ 89 लाख 3 हजार 391 रुपये दर्ज किया गया। वित्तीय वर्ष के अंत में 1 अप्रैल 2026 को पालिका के पास 5 करोड़ 31 लाख 4 हजार 189 रुपये की शेष राशि उपलब्ध रही।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शिवपाल सिंह यादव ने नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई किसी भी नगर की पहचान होती है। स्वच्छ वातावरण से न केवल नगर सुंदर दिखाई देता है, बल्कि बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलती है। उन्होंने पालिका अधिकारियों को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सभासद राजीव यादव और शेष कुमार ‘बिल्लू’ यादव ने नहर तिराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को बोर्ड ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी। अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने आश्वासन दिया कि सभी प्रशासनिक एवं कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एक वर्ष के भीतर प्रतिमा स्थापना का कार्य कराया जाएगा।
इसके अलावा पुल के नीचे सौंदर्यीकरण कराने के प्रस्ताव पर भी बोर्ड ने सहमति जताई। सभासद सुधीर यादव ने पालिका द्वारा लगाए गए सोलर वाटर फ्रीजर अब तक चालू न होने का मुद्दा उठाया, जिस पर अधिकारियों ने उन्हें शीघ्र संचालित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में सभासद मोहम्मद फारुख, मोहिनी दुबे, घमला देवी, कमल प्रकाश, प्रमोद कुमार के अलावा परिषद के विधायक प्रतीनिधि अजेंद्र गौर, सांसद प्रतीनिधि मोहम्मद समीम, विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू , सखी त्रिपाठी, नवनीत,सहित नगर पालिका परिषद के सभी सभासद उपस्थित रहे।
फ़ोटो: बैठक में मौजूद विधायक शिवपाल सिंह यादव
