भाकियू टिकैत ने एसडीएम अमृतपुर का घेराव किया,किसान के पेट्रोल पंप की नापी पर विवाद, भूमि अधिग्रहण बिल उल्लंघन का आरोप
भाकियू टिकैत ने एसडीएम अमृतपुर का घेराव किया,किसान के पेट्रोल पंप की नापी पर विवाद, भूमि अधिग्रहण बिल उल्लंघन का आरोप
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के अमृतपुर में 29 मई को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन ने एसडीएम अमृतपुर का घेराव किया। यह विरोध एसडीएम द्वारा 28 मई को किसान राजेंद्रनाथ कटियार के पेट्रोल पंप की नापी शुरू करने के बाद हुआ, जबकि भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने अपनी मां की अस्वस्थता का हवाला देते हुए नापी टालने का अनुरोध किया था।
जिलाध्यक्ष अजय कटियार के अनुसार, उन्होंने एसडीएम से कहा था कि उनकी मां की तबीयत ठीक नहीं है और वे रक्त की व्यवस्था कर रहे हैं, इसलिए उनकी अनुमति के बिना जमीन की नापी न की जाए। इसके बावजूद, एसडीएम अमृतपुर लेखपाल और पुलिस बल के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचे और नापी शुरू कर दी। अमृतपुर तहसील अध्यक्ष सोनू सोमवंशी ने इसका विरोध किया, जिसके बाद एसडीएम वहां से चले गए।
अजय कटियार ने इस घटना के बाद एसडीएम के घेराव का आह्वान किया और जिला प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को लिंक एक्सप्रेसवे के नाम पर ठगा जा रहा है। कटियार ने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल 2013 के किसी भी कानून का पालन नहीं हो रहा है। किसानों को न तो कोई नोटिस दिया जा रहा है, न ही वाणिज्यिक या सड़क के रूप में बैनामा किया जा रहा है, और न ही मानसिक क्षतिपूर्ति का कॉलम भरा जा रहा है।
अजय कटियार ने यह भी दावा किया कि किसानों को गुमराह करके सहमति पत्र भरवाए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में उन्हें दिखाया भी नहीं जाता। उन्होंने उन किसानों से अपील की जिन्होंने पहले ही बैनामा कर दिया है कि वे जिलाधिकारी को एक पत्र भेजें, जिसमें मानसिक क्षतिपूर्ति की मांग की जाए या बैनामे को वापस लेने की बात कही जाए। उन्होंने कहा कि किए गए बैनामे फर्जी तरीके से किए गए हैं।
कटियार ने मांग की कि यूपीडा लिंक एक्सप्रेसवे में बनाए जा रहे बड़े कट पूर्व की भांति सड़क के समानांतर ही बनाए जाएं। उन्होंने एसडीएम अमृतपुर को चेतावनी देते हुए कहा कि यह बाबा टिकैत का संगठन है और वे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आज से लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बैनामे कराने न जाएं।
इस धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता सुशील दीक्षित ने की और संचालन गोपी शाक्य ने किया। कई थाने का फोर्स रहा मौजूद l इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, संजीव सोमवंशी, अशोक यादव, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, संजीव यादव, अजयपाल यादव, जिला सचिव पुजारी कटियार, बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह, मुकेश शर्मा, रामप्रकाश पाल, सोनू सोमवंशी, टिंकू यादव, सतीश कठेरिया, अंकेश गंगवार, प्रदीप यादव, शिवराम शाक्य, अजीत सोमवंशी, रामनरेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसानों ने घेराव में भाग लिया।
Tags:
फर्रुखाबाद