फर्रुखाबाद में अकीदत और एहतराम से मनी बकरीद,अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्वक अदा की गई नमाज, दिया एकता का संदेश
फर्रुखाबाद में अकीदत और एहतराम से मनी बकरीद,अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्वक अदा की गई नमाज, दिया एकता का संदेश
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद में बृहस्पतिवार को ईदुल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। बीबीगंज स्थित नई ईदगाह, पुरानी ईदगाह, जामा मस्जिद और विभिन्न मोहल्लों की मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआएं मांगी गईं।
थाना मऊदरवाजा के बीबीगंज क्षेत्र में स्थित नई ईदगाह में सुबह 7:30 बजे मुफ्ती हाजी सैय्यद मोअज्जम अली ने नमाज अदा कराई। पुरानी ईदगाह में सुबह 8 बजे मौलाना शमशाद चतुर्वेदी ने नमाज पढ़ाई। उन्होंने खुतबा पढ़ते हुए हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की मिसाल को याद दिलाया।
इसके अतिरिक्त, रकाबगंज तिराहा स्थित मस्जिद जान अली खान में शहर काजी सैय्यद मुताहिर अली और मोहल्ला रकाबगंज की दरगाह हजरत अब्बास में मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने नमाज पढ़ाई। सुनहरी मस्जिद में मौलाना अब्बास ने नमाज अदा कराई। नमाज से पहले उलेमाओं ने तकरीर में रसूल-ए-पाक की सुन्नतों पर अमल करने और कुर्बानी की हिकमत समझने पर जोर दिया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने-अपने घरों में शरई तरीके से कुर्बानी अदा की। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग ने भी सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखा।
इस अवसर पर, ईदगाह के बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सीओ सिटी अभय वर्मा, थाना प्रभारी अजब सिंह, इंस्पेक्टर आमोद सिंह, इंस्पेक्टर अमित गंगवार, एसआई अमित गुप्ता और बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने नमाज के शांतिपूर्ण आयोजन की लगातार निगरानी की।
Tags:
फर्रुखाबाद