फर्रुखाबाद में अवैध वेंडिंग पर आरपीएफ की कार्रवाई,8 वेंडर गिरफ्तार, ट्रेन पर पत्थरबाजी रोकने को जागरूकता अभियान
फर्रुखाबाद में अवैध वेंडिंग पर आरपीएफ की कार्रवाई,8 वेंडर गिरफ्तार, ट्रेन पर पत्थरबाजी रोकने को जागरूकता अभियान
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों में अवैध वेंडिंग के आरोप में मंगलवार को आठ वेंडरों को गिरफ्तार कर आरपीएफ को सौंपा गया। यह कार्रवाई रेलवे प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए की गई है।
रेल सूत्रों के अनुसार, 24 मई को 20921 लखनऊ-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन में एक वेंडर और रेल यात्री के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि वेंडर ने पथराव कर एसी थर्ड कोच नंबर 5वी की बर्थ संख्या 25 और 27 के बाहरी शीशे तोड़ दिए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही फर्रुखाबाद आरपीएफ ने जांच शुरू की। जांच में फर्रुखाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर स्थित राजीव कुमार कैटरिंग के स्टॉल पर काम करने वाले शिवा सक्सेना का नाम सामने आया। आरपीएफ ने रेल अधिनियम की धारा 153 और 145 के तहत शिवा सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अगले दिन रात 9:10 बजे आरपीएफ ने वेंडर शिवा सक्सेना को माल गोदाम प्लेटफॉर्म से गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की।
इस घटना के बाद रेल प्रशासन की धूमिल हुई छवि को सुधारने के लिए स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार और डीसीआई ने मंगलवार को अवैध वेंडिंग के खिलाफ अभियान चलाया। यह अभियान 22922 अंत्योदय एक्सप्रेस (गोरखपुर-बांद्रा) के फर्रुखाबाद जंक्शन प्लेटफॉर्म पर आने के दौरान चलाया गया।
इसके अतिरिक्त, 24 मई को हुई पत्थरबाजी की घटना के मद्देनजर, रेसुब पोस्ट फर्रुखाबाद क्षेत्राधिकार में पत्थरबाजी और रेलवे ट्रैक से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। निरीक्षक ओ.पी. मीणा और थाना जीआरपी फर्रुखाबाद के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सोलंकी ने अपने स्टाफ के साथ फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ रेलखंड के किनारे बसे गांव देवरामपुर और श्यामनगर में ग्राम प्रधान व सभासद मुदस्सिर खान की उपस्थिति में स्थानीय लोगों को जागरूक किया। उन्हें ट्रेन पर पत्थर न मारने, ट्रैक पर पत्थर आदि न रखने, ट्रेसपास न करने, चेनपुलिंग न करने और रेलवे हेल्पलाइन-139 का उपयोग करने के संबंध में कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया।
Tags:
फर्रुखाबाद