सीपी इंटरनेशनल स्कूल में मातृ दिवस समारोह,जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन।

सीपी इंटरनेशनल स्कूल में मातृ दिवस समारोह,जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन।

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के सीपी इंटरनेशनल स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर एक सांस्कृतिक एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और विद्यालय प्रबंधन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

विद्यार्थियों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया। सरस्वती वंदना नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय बनाया, वहीं 'लिटिल स्टार' के नन्हे विद्यार्थियों की माताओं को समर्पित प्रस्तुति ने सभी का हृदय जीत लिया। शिक्षिकाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए "हमारी दूसरी माताओं को समर्पित प्रस्तुति" भी दी गई।

समारोह में "मातृत्व भावना का उत्सव", "हृदय की अभिव्यक्तियाँ", "काव्यांजलि – माँ : सबसे पवित्र प्रेम", नुक्कड़ नाटक "स्पर्श : एक अनुभूति" और "माँ के बिना जीवन" जैसी प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से माँ के त्याग, वात्सल्य और समर्पण को मंचित किया गया।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय श्रद्धांजलि "तू कितनी अच्छी है माँ" और शिक्षकगणों द्वारा प्रस्तुत गीत "मैं तेरा लाडला" कार्यक्रम के विशेष आकर्षण रहे। माताओं के लिए आयोजित विशेष गतिविधियों ने समारोह को और अधिक आनंदमय बना दिया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि "माता जीवन की प्रथम गुरु एवं संस्कारों की आधारशिला होती हैं। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।"

विद्यालय के निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने मातृ शक्ति को समाज एवं परिवार की आत्मा बताया। उन्होंने नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल ने माँ के प्रेम को संसार का सबसे पवित्र एवं निस्वार्थ उपहार बताया।

निदेशक श्रीमती अंजू राजे ने विद्यालय में संस्कार एवं मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने की बात कही। प्रधानाचार्य डॉ. पी. रथ ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए माँ के त्याग एवं समर्पण को अतुलनीय बताया। उपप्रधानाचार्य श्री नवीन शाक्य ने सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यक्तित्व विकास एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

अंत में प्राइमरी विंग की इंचार्ज शिवानी दीक्षित ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामयी समापन हुआ।