टेंपो चालकों से अवैध वसूली, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा,मऊदरवाज़ा क्षेत्र में तीन आरोपियों पर कार्रवाई, थाना प्रभारी अजब सिंह एक्शन में

टेंपो चालकों से अवैध वसूली, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा,मऊदरवाज़ा क्षेत्र में तीन आरोपियों पर कार्रवाई, थाना प्रभारी अजब सिंह एक्शन में

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद पुलिस ने टेंपो चालकों से अवैध वसूली के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बरौन गांव में हुई, जहां आरोपियों पर टेंपो चालकों से जबरन पैसे वसूलने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को रामपाल नामक टेंपो चालक नवाबगंज से फर्रुखाबाद आ रहा था। सुबह करीब 11 बजे बरौन गांव निवासी हरजेन्द्र और तेजेंद्र सिंह पुत्र हरेंद्र सिंह ने अपने कुछ साथियों के साथ रामपाल के टेंपो को अपने घर के सामने रोक लिया। उन्होंने रामपाल से प्रति चक्कर 100 रुपये देने की मांग की।

रामपाल द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसे गालियां दीं और धमकी दी कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो उसे गाड़ी नहीं चलाने दी जाएगी। इस घटना के बाद रामपाल ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं और टेंपो चालकों से अवैध वसूली करते हैं, पैसे न देने पर मारपीट भी करते हैं।

पुलिस ने हरजेन्द्र पुत्र हरेंद्र, तेजेंद्र सिंह पुत्र हरेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि बरौन गांव में टेंपो चालकों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि चालकों को राहत मिल सके।