फर्रुखाबाद में दो पक्षों में मारपीट,कई घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

फर्रुखाबाद में दो पक्षों में मारपीट,कई घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में 18 मई 2026 को सुबह करीब 6 बजे दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई। इस घटना में दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष की ओर से सरवन पुत्र योगराज ने मऊ दरवाजा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मोहल्ला तलैया साहब जादगान निवासी आसिफ, सोनू और बबलू पुत्र इश्तियाक ने रंजिशन गाली-गलौज की। जब गाली देने से मना किया गया, तो उन्होंने सरवन, उनके भाई मोरपाल, सुमित (पुत्री दुर्गा), पत्नी रेनू और छोटे भाई भैयालाल को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे सभी को मामूली चोटें आईं। सरवन ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है।
पुलिस ने सरवन और उनके परिवार का मेडिकल कराया। इस मामले में आसिफ, सोनू और बबलू पुत्र इश्तियाक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरे पक्ष की ओर से आरिस पुत्र इश्तियाक ने भी मऊ दरवाजा थाने में तहरीर दी। आरिस के अनुसार, सुबह लगभग 6:45 बजे पड़ोस के सरवन, प्रदीप पुत्र जोगराज, सुमित पुत्र सरवन और मोरपाल पुत्र रामाश्रय ने उनके घर के पानी को रोकने से मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब आरिस ने गाली देने से मना किया, तो इन लोगों ने आरिस और उन्हें बचाने आए उनके भाई मेहताब के साथ लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट की, जिससे आरिस और मेहताब को चोटें आईं।

क्राइम प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर एनसीआर (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए लिंजीगंज अस्पताल भेजा है।