कायमगंज सीट से कांग्रेस में दो दावेदार,जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी और उमर खुर्शीद ने ठोकी ताल
कायमगंज सीट से कांग्रेस में दो दावेदार,जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी और उमर खुर्शीद ने ठोकी ताल
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद: कायमगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं ने चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। इनमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के छोटे बेटे युवा नेता उमर खुर्शीद शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कायमगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने यह भी बताया कि फर्रुखाबाद सदर सीट से मैडम लुईस खुर्शीद चुनाव लड़ेंगी।
शकुंतला देवी कांग्रेस की वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और उन्होंने 2012 तथा 2022 में भी कायमगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कायमगंज क्षेत्र कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता था।
2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कायमगंज (सुरक्षित) सीट से शकुंतला देवी को 5,261 वोट मिले थे और वह चौथे स्थान पर रही थीं। उस चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अजीत कुमार 52,693 वोटों के साथ विजयी हुए थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में शकुंतला देवी को 2,244 वोट मिले थे।
वहीं, सूत्रों के अनुसार, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के बेटे उमर खुर्शीद भी कायमगंज से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उमर खुर्शीद युवा नेता हैं और वह कायमगंज क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। वह दिल्ली से फर्रुखाबाद आकर कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान भी कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि कायमगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस का टिकट किसे मिलता है। एक तरफ जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी हैं, तो दूसरी तरफ युवा नेता उमर खुर्शीद अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
Tags:
फर्रुखाबाद